
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में नगवा चौकी और ट्रॉमा सेंटर के सामने काली फिल्म लगी गाड़ी में बैठकर हुड़दंग मचाने वाले दबंगों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आरोप है कि आरोपी नशे की हालत में हूटर बजाते हुए सड़क पर उत्पात मचा रहे थे और राहगीरों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा होने और सत्ता की हनक दिखाने के कारण इलाके में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान वाहन पर काली फिल्म लगी होने समेत कई नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राजनीतिक पहचान या रसूख के दम पर कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
