मुंबई। निर्देशक आकाशादित्य लामा की आगामी फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। रंग-बिरंगे गानों और आकर्षक पोस्टर्स के बाद सामने आए इस ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। ट्रेलर में कॉमेडी, रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और शादी की अफरा-तफरी का शानदार मेल देखने को मिलता है। फिल्म की झलक यह संकेत देती है कि दर्शकों को हंसी, भावनाओं और मनोरंजन से भरपूर फैमिली एंटरटेनर देखने को मिलेगी।
फिल्म की कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी शादी समय पर हो पाएगी या नहीं, यही सबसे बड़ा सवाल बन जाता है। हालात ऐसे बनते हैं कि उसकी जिंदगी में एक के बाद एक कई संभावित दूल्हों की एंट्री होती है। इसके बाद शुरू होती है सही दूल्हे की तलाश और इसी सफर में कई मजेदार घटनाएं, भावुक पल और अप्रत्याशित मोड़ सामने आते हैं। पारिवारिक रिश्तों और हल्के-फुल्के हास्य के साथ फिल्म की कहानी दर्शकों को अंत तक बांधे रखने का वादा करती है।
फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा का कहना है कि हर शादी में किसी न किसी तरह का ड्रामा जरूर होता है, लेकिन ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में असली ड्रामा फेरों से पहले ही शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश थी कि ट्रेलर दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लाए और उन्हें फिल्म देखने के लिए उत्साहित करे। उनके अनुसार यह एक तेज रफ्तार, मनोरंजक और भावनात्मक फिल्म है, जिससे हर उम्र का दर्शक खुद को जोड़ सकेगा।
मुख्य भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री खुशाली कुमार ने इसे अपने करियर के सबसे मजेदार किरदारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि उनका किरदार आत्मविश्वासी, चुलबुला और हर पल दर्शकों को चौंकाने वाला है। खुशाली ने उम्मीद जताई कि ट्रेलर की तरह फिल्म को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा और यह पारिवारिक मनोरंजन की कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरेगी।
