कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी सख्त, अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने और भ्रामक सूचनाओं का समय रहते खंडन करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा ड्रोन से लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मंडलायुक्तों को नियमित समीक्षा कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने को कहा।

सीएम योगी ने दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के भीतर रहे और कांवड़ की ऊंचाई तय सीमा से अधिक न हो, ताकि यातायात प्रभावित न हो। इसके लिए कांवड़ संघों, निर्माताओं और डीजे संचालकों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त करने, झाड़ियों की सफाई कराने तथा पूरे मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। कांवड़ शिविरों में पेयजल, शौचालय, बिजली, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और सात्विक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहें तथा इसकी नियमित निगरानी की जाए। परिवहन विभाग को नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने और विद्युत विभाग को बिजली लाइनों व ट्रांसफार्मरों की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने, स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सूचना विभाग के माध्यम से स्वागत द्वार, होर्डिंग और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मेरठ और सहारनपुर मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page