यूपी एसआई बनने से पहले बुझ गया घर का चिराग, बेटे को बचाने में पिता ने भी गंवाई जान

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, बेटी की शादी का सपना अधूरा; पूरे गांव में मातम

बलिया। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में खेत में टूटकर गिरे हाईटेंशन बिजली के तार ने एक परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। करंट की चपेट में आने से 24 वर्षीय राजेश यादव और उन्हें बचाने दौड़े उनके पिता जनार्दन यादव (58) की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है कि पिता का बेटी की शादी का सपना और बेटे का वर्दी पहनने का सपना दोनों ही अधूरे रह गए।

जनार्दन यादव खेती और पशुपालन कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी तीन संतानों में बड़ी बेटी बबिता की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी सीमा अविवाहित है। परिवार के मुताबिक राजेश पढ़ाई में होनहार थे और हाल ही में उन्होंने यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा पास की थी। नौकरी मिलने के बाद वह बहन की धूमधाम से शादी कराने का सपना देखते थे।

परिजनों ने बताया कि जनार्दन की पत्नी केवली देवी का पहले ही निधन हो चुका था। पत्नी की मौत के बाद उन्होंने अकेले ही बेटे और दोनों बेटियों की परवरिश की। इन दिनों वह छोटी बेटी सीमा के लिए रिश्ता तलाश रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि राजेश की नौकरी लगने के बाद घर की जिम्मेदारियां आसान हो जाएंगी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

गुरुवार सुबह अच्छी बारिश के बाद धान की रोपाई की तैयारी के लिए जनार्दन अपने बेटे राजेश के साथ खेत पहुंचे थे। खेत में पहले से ही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा हुआ था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही राजेश तार की चपेट में आए, वह तड़पने लगे। बेटे को बचाने के लिए जनार्दन बिना अपनी जान की परवाह किए दौड़ पड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पिता और भाई की एक साथ मौत की खबर मिलते ही बड़ी बेटी बबिता और छोटी बेटी सीमा बेसुध हो गईं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और सीमा को सांत्वना दी।

ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने और सीमा के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है। पूरे गांव में मातम पसरा है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि अगर समय रहते टूटे हुए हाईटेंशन तार को हटाया गया होता, तो शायद दो जिंदगियां बच सकती थीं

TOP

You cannot copy content of this page