‘फर्जी एमडी’ बनकर चला रहा था क्लिनिक! सीएमओ की रेड में खुला बड़ा खेल, उषा क्लिनिक सील

वाराणसी। सिंधोरा क्षेत्र में बिना वैध पंजीकरण और लाइसेंस के संचालित किए जा रहे कथित उषा क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। रविवार को उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (पंजीयन) डॉ. सुजीत कुमार ने सुरक्षा कर्मियों के साथ औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान क्लिनिक के नाम पर मेडिकल स्टोर संचालित होता मिला, लेकिन संचालकों के पास न तो क्लिनिक का वैध पंजीकरण था और न ही मेडिकल स्टोर के संचालन के लिए आवश्यक ड्रग लाइसेंस।

अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रतिष्ठान का शटर बंद कराकर सील कर दिया। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी कि बिना वैध अनुमति क्लिनिक या मेडिकल स्टोर संचालित करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. सुजीत कुमार ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को भी निर्देश दिए कि यदि यह प्रतिष्ठान दोबारा बिना अनुमति संचालित होता मिले तो तत्काल सूचना दी जाए, ताकि जिम्मेदार लोगों पर विधिक कार्रवाई की जा सके।

बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रकाशित एक समाचार में आरोप लगाया गया था कि डी. फार्मा डिग्रीधारी प्रवेश यादव खुद को फर्जी एमडी डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहा है। इसी शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी कर कार्रवाई की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना पंजीकरण संचालित क्लिनिक और मेडिकल स्टोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान सिंधोरा चौकी प्रभारी रोशन सिंह और धर्मेंद्र रजक भी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page