सावन में प्लास्टिक पर सख्ती, काशी को प्लास्टिक मुक्त बनाने निकला नगर निगम, 372 दुकानों पर लगाए स्टीकर

वाराणसी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने काशी को स्वच्छ और सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत मैदागिन से गोदौलिया तक 372 दुकानों पर जागरूकता स्टीकर लगाए गए, जबकि दशाश्वमेध घाट पर हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से लोगों को इस मुहिम से जोड़ा गया।

नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे “स्वच्छ काशी, प्रतिबंधित प्लास्टिक मुक्त काशी” अभियान के तहत दुकानदारों और ग्राहकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की गई। निगम की आईईसी टीम ने मैदागिन से गोदौलिया तक जागरूकता रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

दशाश्वमेध घाट पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने प्लास्टिक मुक्त काशी बनाने का संकल्प लिया। युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए घाट पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने तस्वीरें लेकर स्वच्छता का संदेश साझा किया।

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों, व्यापारियों, कांवड़ यात्रियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे बाबा विश्वनाथ की नगरी को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सावन के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page