जैतपुरा में लॉटरी जुए के अड्डे पर SOG-2 का धावा, 8 गिरफ्तार! भाग्यश्री लक्ष्मी एप की आड़ में चल रहा था खेल

वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के अलईपुरा में सिटी स्टेशन के पास कथित तौर पर चल रहे अवैध लॉटरी जुए के अड्डे पर सोमवार रात SOG-2 ने बड़ी कार्रवाई की। एसओजी प्रभारी पंकज सिंह चौहान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाग्यश्री लक्ष्मी एप की आड़ में जुए का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर मौके पर छापेमारी की और 6 जुआरियों समेत दो संचालकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मौके से फड़ पर रखे 2,890 रुपये नकद और गिरफ्तार आरोपियों की जामा तलाशी में 1,565 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार जुआरियों की पहचान रियाजुद्दीन, मतिउर रहमान, हसीन, मकसूद, सिराजुद्दीन निवासी जैतपुरा और मोहम्मद इदरीश निवासी आदमपुर के रूप में हुई है। वहीं, कथित संचालक ललित मौर्या और बबलू गुप्ता को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि अलईपुरा में यह गतिविधि कई महीनों से चल रही थी। स्थानीय स्तर पर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page