बड़ागांव थाने में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल का औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं पर सख्ती और महिला सुरक्षा पर बड़ा जोर

वाराणसी। पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने थाना बड़ागांव का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, अभिलेखों, जनशिकायतों, पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

पुलिस आयुक्त ने थाने के रजिस्टर और अभिलेखों की जांच करते हुए उन्हें नियमित रूप से अपडेट और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। थाना परिसर में साफ-सफाई, आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल और महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मेस और बैरक का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों के रहने-खाने से जुड़ी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

मिशन शक्ति पर फोकस, स्कूल-कॉलेजों में बढ़ेगी निगरानी

मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए महिला पुलिसकर्मियों को स्कूल, हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। छात्राओं को 1090, 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देने के साथ शिक्षण संस्थानों में लगे CCTV कैमरों की नियमित जांच करने को कहा गया। शोहदों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

लंबित विवेचनाओं पर पुलिस कमिश्नर सख्त

एक माह के विशेष अभियान के तहत पिंडरा और राजातालाब सर्किल की लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर मामले में वैज्ञानिक, निष्पक्ष और विधिसम्मत तरीके से साक्ष्य जुटाए जाएं और राजपत्रित अधिकारी नियमित रूप से विवेचनाओं की निगरानी करें।

उन्होंने कहा कि पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। आमजन के साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा थाना परिसर में चल रहे नवनिर्माण कार्य का निरीक्षण कर उसे तय समयसीमा में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page