प्रधानमंत्री कल काशी को देंगे 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं की सौगात

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंच रहे हैं। वह दोपहर करीब 2 बजे अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंचकर विकास की बड़ी सौगात देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 6332.08 करोड़ रुपये की कुल 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

प्रशासन को रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद परियोजनाओं की सूची जारी कर दी गई है। इसके अनुसार, प्रधानमंत्री 1054.69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 50 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 5277.39 करोड़ रुपये की 113 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

इन परियोजनाओं में सबसे प्रमुख गंगा नदी पर बनने वाला 2464.46 करोड़ रुपये का सिग्नेचर ब्रिज है, जो काशी के यातायात को नई दिशा देगा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। इसके अलावा सड़क निर्माण, पुलों का विस्तार, पर्यटन सुविधाओं का विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

शहर में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए भी कई परियोजनाओं की शुरुआत होगी, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खेल सुविधाओं और शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं भी इस पैकेज का हिस्सा हैं।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरे से काशी के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page