पीएम दौरे से पहले वाराणसी में सुरक्षा का फुल ड्रेस रिहर्सल, पुलिस आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश

वाराणसी। प्रधानमंत्री के आगमन, भ्रमण और अवस्थान कार्यक्रम को देखते हुए 27 अप्रैल 2026 को बीएलडब्ल्यू स्थित कार्यक्रम स्थल पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के बाद ग्रैंड रिहर्सल भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का अभ्यास किया।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी कर्मियों को ड्यूटी कार्ड और आई-कार्ड अनिवार्य रूप से धारण करने, समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और मोबाइल फोन का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा के साथ-साथ यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, रूट डायवर्जन और प्रोटोकॉल अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध आवागमन देने के निर्देश भी दिए गए। वीवीआईपी मार्ग पर किसी भी प्रकार की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और पूरे क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है, जहां ड्रोन समेत किसी भी उड़ने वाली वस्तु पर रोक रहेगी।

सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी। रूफटॉप ड्यूटी, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए लाउड हेलर, पीए सिस्टम और बैरिकेडिंग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को अधीनस्थों की विस्तृत ब्रीफिंग करने और आमजन के साथ शालीन व विनम्र व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया। महिलाओं की चेकिंग केवल महिला पुलिस कर्मियों द्वारा कराए जाने के निर्देश भी दिए गए।

रिहर्सल के बाद कैम्प कार्यालय में डी-ब्रीफिंग कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक तरुण गाबा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी सहित कमिश्नरेट, बाहरी जनपदों, पीएसी और अर्धसैनिक बलों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page