
आमजन की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 28 अप्रैल 2026 को दोपहर 12:00 बजे से रात 11:00 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर बसों, चार पहिया एवं भारी वाहनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
बसों के संचालन में बदलाव
- सोनभद्र, मिर्जापुर और गैराज की ओर से आने वाली बसें मोहनसराय अंडरपास होते हुए मुड़ैला तिराहा तक आएंगी, वहीं से वापस कर दी जाएंगी।
- जौनपुर की तरफ से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही संचालित होंगी।
- गाजीपुर और आजमगढ़ की बसों को आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास से ही वापस किया जाएगा।
- अमरा अखरी अंडरपास से कार्यक्रम में शामिल बसों को छोड़कर बाकी बसों को भिखारीपुर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा, उन्हें मोहनसराय/डाफी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
चार पहिया व मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन
- चांदपुर चौराहे से केवल कार्यक्रम से संबंधित बसों को ही अनुमति होगी, बाकी वाहनों को लहरतारा की ओर भेजा जाएगा।
- बाबतपुर तिराहे से वीवीआईपी आगमन से 2 घंटे पहले भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा।
- भेलखा हनुमान मंदिर, मुड़ैला, बलिया, नहरतारा, महमूरगंज, भिखारीपुर, नरिया, चितईपुर, सेन्ट्रल जेल, भोजबीर और काली माता मंदिर जैसे प्रमुख चौराहों पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात पूरी तरह डायवर्ट रहेगा।
BLW क्षेत्र में विशेष प्रतिबंध
- वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के समय BLW क्षेत्र के अंदर कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- सिनेमा हॉल तिराहा, सेंट्रल मार्केट, सूर्य सरोवर, चेतना विद्यालय, इंटर कॉलेज और गोमती मार्केट जैसे क्षेत्रों से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्ग बंद रहेंगे।
- वाहनों को वैकल्पिक मार्गों जैसे एफसीआई गेट, नाथपुर गेट और पुलिस चौकी की ओर मोड़ा जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
