
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी ने आरटीसी योजना के प्रभावी संचालन के तहत शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण अंधरापुल से लहरतारा होते हुए मण्डुआडीह चौराहा तक करीब 7 किलोमीटर क्षेत्र में किया गया, जहां यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने प्रमुख चौराहों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑटो और टोटो चालकों के लिए बारकोड प्रणाली का अनिवार्य पालन कराने को कहा, ताकि उनकी पहचान और निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
आरटीसी योजना के अंतर्गत चिन्हित 10 प्रमुख मार्गों पर यातायात संचालन को सुचारू रखने के लिए निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल नियुक्त किया गया है। उन्हें संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पीक आवर्स में रूट मार्शल, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी संयुक्त रूप से सड़कों पर मौजूद रहें, ताकि आम जनता को जाम से राहत मिल सके।
इसके अलावा अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट वाहनों, रांग साइड ड्राइविंग और तीन सवारी जैसे नियम उल्लंघनों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। अवैध ऑटो और रिक्शा स्टैंड हटाने तथा व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन , पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन , पुलिस उपायुक्त यातायात सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।
