वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के गरथमा बाजार चौराहे से ओदार बाजार होते हुए पिंडरा बाजार तहसील जाने वाले मार्ग पर जलजमाव की समस्या को लेकर रविवार को व्यापारियों और समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लंबे समय से बनी समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क पर करीब 100 मीटर तक पानी भर जाता है। जलभराव के कारण सड़क में बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को उठानी पड़ रही है।
व्यापारियों का कहना है कि जलजमाव के कारण दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि समस्या गंभीर होने के बावजूद जनप्रतिनिधि मौके पर नजर नहीं आ रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन में सपा पिंडरा विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक यादव साधू, जिला पंचायत सदस्य शरद यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिल यादव, सरजू पटेल, मुन्ना मौर्या सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की।
