राजातालाब की एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड का मास्टरमाइंड एनकाउंटर में गिरफ्तार

कदम-कदम पर छल और धोखे से रची गई साजिश, सुपारी से लेकर फरारी तक पुलिस ने 150 सीसीटीवी खंगालकर दबोचा

वाराणसी-(काशीवार्ता)-राजातालाब थाना क्षेत्र में एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस को 20 दिन बाद बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल को आज तड़के करीब 5 बजे राजातालाब पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्रेया (22 वर्ष) जगतपुर पीजी कॉलेज में रसायन विज्ञान की छात्रा थीं और परिवार की इकलौती बेटी थीं। परिजनों के अनुसार श्रेया 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। दो दिन बाद 20 अगस्त को रोहनिया के बच्छांव पश्चिमपुरा स्थित एक किराये के मकान के बाथरूम से उनका शव बरामद हुआ। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।परिजनों ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि विवेक, जो खुद को दूर का रिश्तेदार बताता है और चोलापुर के नियारडीह का रहने वाला है, वह श्रेया को लंबे समय से परेशान कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि उसने शादी की ड्रेस वाली फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। परिजनों के अनुसार श्रेया के नाम पर जमीन होने और उसकी शादी दूसरी जगह (डीआरडीओ के अधिकारी से) तय होने के बाद आरोपी ने साजिश रची। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में पता चला है कि आरोपी ने अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर योजना बनाई थी। पुलिस का आरोप है कि 18 अगस्त को श्रेया को भरोसे में लेकर किराये के कमरे पर ले जाया गया, जहां वारदात को अंजाम दिया गया और शव बाथरूम में छोड़कर दोनों फरार हो गए। पुलिस का यह भी आरोप है कि वारदात के बाद सुपारी के पैसे को लेकर दोनों आरोपियों में अनबन हो गई। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस ने इस मामले में इससे पहले 24 अगस्त को पुनीत मिश्रा को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने का दावा किया था और 27 अगस्त को मुख्य आरोपी के पिता रामसहाय चौबे को भी हिरासत में लिया था। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बिहार, झारखंड समेत कई जगहों पर दबिश दी।आज सुबह मुखबिर की सूचना पर राजातालाब में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, उससे पूछताछ जारी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है।

TOP

You cannot copy content of this page