महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर का जायजा लिया
वाराणसी -(काशीवार्ता)-महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह के बाद, उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने गंगापुर परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में संचालित विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन कर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। राज्यमंत्री ने कक्षाओं में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों से उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन संबंधी सुविधाओं और परिसर में उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर बल दिया। इसके बाद, उन्होंने परिसर स्थित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन सामग्री और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने पुस्तकालय के उचित संचालन और छात्रों के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर, परिसर के अधिकारियों और शिक्षकों ने राज्यमंत्री को परिसर की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
