मण्डुवाडीह पुलिस ने चोरी की वारदात का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 37.35 ग्राम सोने के आभूषण बरामद

वाराणसी। मण्डुवाडीह थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 37.350 ग्राम पीली धातु (सोने) के आभूषण, एक आधार कार्ड तथा एक बैंक पासबुक बरामद की है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मण्डुवाडीह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार देर रात मण्डुवाडीह रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र के पास से प्रियांशु सोनकर उर्फ बाबू सोनकर (22) निवासी भगवानपुर और सचिन राउत (27) निवासी नगवां को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना मण्डुवाडीह में दर्ज चोरी के मुकदमे में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को मडौली नई बस्ती निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर बेटी की शादी के लिए रखे गए गहने और नकदी चोरी कर ली थी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रात के समय बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसी क्रम में उन्होंने मडौली नई बस्ती स्थित मकान में चोरी की थी। चोरी के गहनों को बेचने की तैयारी के दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

बरामद सामान में दो चेन, दो अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झाला, तीन जोड़ी बालियां, तीन नथिया और चार नाक की पिन शामिल हैं। बरामद आभूषणों का कुल वजन 37.350 ग्राम बताया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से अनेक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर यादव, रामकुमार पाण्डेय, परवेज खान सहित मण्डुवाडीह थाना एवं सर्विलांस सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

TOP

You cannot copy content of this page