बरेका कैम्पस में पान की दुकान का ताला तोड़कर हजारों की चोरी, पुलिस को दी तहरीर

वाराणसी(काशीवार्ता)। मंडुवाडीह क्षेत्र के बरेका स्थित सिनेमा हॉल के सामने एक पान की दुकान में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये नकद और सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की लिखित शिकायत बरेका पुलिस चौकी में दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेका सिनेमा हॉल के सामने किशन पान भंडार नाम से दुकान संचालित करने वाले अखिलेश उर्फ गुड्डू बुधवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर ककरमत्ता स्थित अपने घर चले गए। गुरुवार सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखे दराज से नकदी व अन्य सामान गायब है।
दुकानदार के अनुसार चोरी हुए नकद रुपये और सामान की कुल कीमत करीब 12 से 14 हजार रुपये है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई और लिखित तहरीर सौंप दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी दो बार इसी दुकान में चोरी का प्रयास किया जा चुका है, लेकिन चोर सफल नहीं हो पाए थे। वहीं कुछ माह पूर्व बगल में स्थित दही-लस्सी की दुकान से भी करीब 5 हजार रुपये नकद चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

TOP

You cannot copy content of this page