अस्थायी बिजली कनेक्शन के नाम पर 22 हजार रुपये रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार

वाराणसी। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन संगठन वाराणसी की टीम ने बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) को 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टकटकपुर निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने एंटी करप्शन कार्यालय वाराणसी मंडल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने मंशानगर कॉलोनी स्थित अपने नए मकान के निर्माण कार्य के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन हेतु 6 जून 2026 को ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पाण्डेयपुर के अवर अभियंता सुखदेव स्वरूप रस्तोगी ने 22 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने निरीक्षक उमाशंकर यादव के नेतृत्व में जाल बिछाया। शुक्रवार को टीम पहले से ही मंशानगर कॉलोनी में मौजूद थी। निर्धारित समय पर पहुंचे जेई सुखदेव रस्तोगी ने शिकायतकर्ता से कथित रूप से 22 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और राशि प्राप्त करते ही एंटी करप्शन टीम ने उन्हें मौके पर दबोच लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की गई। मौके पर कराई गई रासायनिक जांच में आरोपी के हाथ धुलवाने पर घोल का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार आरोपी सुखदेव स्वरूप रस्तोगी पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद रस्तोगी मूल रूप से कनक सिटी, आलमनगर, लखनऊ का निवासी है तथा वर्तमान में गौतम विहार कॉलोनी, सरसौली, शिवपुर, वाराणसी में रह रहा है। वह वर्ष 2015 से बिजली विभाग में कार्यरत है और वर्तमान में 33/11 केवी उपकेंद्र पाण्डेयपुर में अवर अभियंता के पद पर तैनात है।

एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कैण्ट, कमिश्नरेट वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page