
गाजीपुर। बिंदु होटल के मालिक आलोक राय उर्फ डब्लू के पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में वांछित और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को बुधवार देर शाम पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार, बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से चलाई गई गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने बताया कि कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
