गोमती नदी में नहाते समय दो मासूम डूबे, तलाश में जुटी पुलिस व एनडीआरएफ

वाराणसी-(काशीवार्ता)-चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत ककरहा घाट (ग्राम मोहनदासपुर) के पास गोमती नदी में नहाते समय दो बालक डूब गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चला रही है, वहीं एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अयान (10) पुत्र यूनुस निवासी लेढ़ूपुर तथा जीशान (10) पुत्र आरिफ निवासी कौवापुर, थाना चौबेपुर, अपने ननिहाल सुल्तानीपुर गांव आए हुए थे। मंगलवार को वे अन्य बच्चों के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गए। बताया जा रहा है कि एक ही गांव के करीब दर्जन भर बच्चे नदी में नहा रहे थे। नहाने के दौरान कई बच्चे पानी में डूबने लगे, जिनमें से कुछ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अयान और जीशान लापता हो गए। घटनास्थल पर पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण लगातार खोजबीन में जुटे हैं। दोनों बच्चों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की मदद भी ली जा रही है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक व चिंता का माहौल है।

TOP

You cannot copy content of this page