यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2026: पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा के लिए कमिश्नर और डीएम ने अधिकारियों को किया ब्रीफ

वाराणसी। आगामी 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग तथा अभ्यर्थियों की गरिमा का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निर्धारित इनक्लोजर में कराई जाएगी।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र पर नामित प्रभारी अधिकारियों को छोड़कर किसी भी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी कर्मियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग और ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।

सभी पुलिसकर्मी एवं ड्यूटी में तैनात कर्मचारी अपने साथ वैध पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा निर्धारित ड्यूटी कार्ड लेकर आएंगे।

अभ्यर्थियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश

परीक्षार्थियों को केवल निम्न दस्तावेजों के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा:

  • वैध प्रवेश पत्र (Admit Card)
  • आधार कार्ड
  • निर्धारित पेन

इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।

परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित वस्तुएं

  • पेपर, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर
  • वॉलेट, सनग्लासेस, कैप
  • ज्वेलरी एवं खाद्य सामग्री
  • मोबाइल फोन, यूएसबी ड्राइव, कैमरा
  • घड़ी, चाभी, ब्लूटूथ डिवाइस
  • डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण

सुरक्षा व्यवस्था और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष जोर

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन, सतर्क एवं शालीनतापूर्ण जांच की जाए। केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और अनावश्यक भीड़ पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों की लगातार निगरानी करने, अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा पूर्व में परीक्षा अनियमितताओं और नकल से जुड़े तत्वों एवं नकल माफियाओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

अभ्यर्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाउडहेलर के माध्यम से अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

नकल और अव्यवस्था पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस आयुक्त ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सजगता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने की हिदायत देते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं विश्वसनीय वातावरण में संपन्न कराने पर बल दिया।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य राजपत्रित अधिकारी तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page