प्रधानमंत्री पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका अजय राय और राहुल गांधी का पुतला

सिंधोरा (वाराणसी)। पिंडरा विकासखंड के सिंधोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा झंझौर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोपहर करीब एक बजे सुनील दत्त वर्मा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और राहुल गांधी का पुतला दहन किया तथा जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की भाषा और टिप्पणी न केवल अनुचित है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी विरुद्ध है। उन्होंने अजय राय की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इससे आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में व्यापक नाराजगी है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से इस प्रकार की बयानबाजी पर रोक लगाने की मांग भी की।

इस अवसर पर मंडल प्रभारी ओमप्रकाश पटेल, मंडल महामंत्री विकास राय, सुधांशु जायसवाल, सुजीत सिंह, शिवकुमार चौधरी, सिकंदर सिंह, ओमप्रकाश, छोटेलाल, ओमप्रकाश कुशवाहा, दीपक दूबे, माया पटेल, संतलाल राजभर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page