मिर्जापुर। पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को एक अज्ञात किन्नर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे ट्रैक और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-135) के समीप रेलवे बाउंड्री के भीतर पोल संख्या 165/3 के पास पत्थरों से दबाकर छिपाया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने रेलवे बाउंड्री के अंदर पत्थरों के बीच शव जैसी संदिग्ध वस्तु देखी और इसकी सूचना पड़री थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्थर हटाकर देखा तो वहां एक किन्नर का शव मिला। शव के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को पत्थरों से दबाकर पहचान छिपाने की कोशिश की गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन/नगर) नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंकर मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक ने हल्के क्रीम रंग का सूट-सलवार और काले रंग का छीटदार दुपट्टा पहन रखा था। हाथों की उंगलियों में अंगूठियां तथा पैरों में पायल और कौड़ी मिली हैं। चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान होने के कारण हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
