वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र से 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, भैरवनाथ गांव निवासी मुकेश नामक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब रात में किशोरी घर पर नहीं मिली। परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद परिजन जंसा थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ अपहरण से संबंधित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की गई है। किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है
