सिर्फ एक बारिश ने खोली विकास कार्यों की पोल: बिना जल निकासी बनी सड़क, सीर गोवर्धनपुर की सड़क बनी तालाब

वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर वार्ड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 जुलाई के प्रस्तावित आगमन से पूर्व सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया था। लेकिन सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं किए जाने का खामियाजा अब स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।सोमवार को हुई हल्की बारिश के बाद ही नई बनी सड़क पर भारी जलभराव हो गया। पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और विशेष रूप से स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के समय यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जाता।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क तो बना दी गई, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से तत्काल प्रभावी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से स्थायी राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसी आधारभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जानी चाहिए जिससे आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके।।

TOP

You cannot copy content of this page