
वाराणसी -सोशल मीडिया पर रील बनाकर रौब झाड़ना एक युवक को महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो में युवक धोती-दुपट्टा पहनकर हाथ में पिस्टल लिए सड़क पर घूमता नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान पुलिस ने युवक की पहचान 23 वर्षीय रवि शंकर मिश्रा के रूप में की। पूछताछ में पता चला कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली नहीं, बल्कि एक खिलौना बंदूक थी। पुलिस ने टॉय गन को कब्जे में लेकर युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे वीडियो बनाना कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
