
वाराणसी। गंगा नदी में नाव पर पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला दशाश्वमेध थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां गंगा में नाव पर पार्टी के दौरान नियमों के उल्लंघन का वीडियो सामने आया था।
पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना दशाश्वमेध में मुकदमा अपराध संख्या 143/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(2) एवं 299 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। जांच के बाद वीडियो में दिखाई दे रहे सभी पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके अलावा जिस नाव पर पार्टी आयोजित की जा रही थी, उसे भी पुलिस ने सीज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि गंगा नदी में नाव संचालन से जुड़े नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गंगा घाटों और नदी क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
