घर के बाहर से गायब हुई युवती, तीन दिन बाद बंद मकान के बाथरूम में मिला सड़ा-गला शव, मचा हड़कंप

राजातालाब में अपहरण के बाद हत्या से सनसनी, रोहनिया के बच्छाव में मिला शव; कई थानों की फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

वाराणसी। राजातालाब इलाके में तीन दिन पहले लापता हुई युवती की हत्या कर शव को बंद मकान में छिपाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार को रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पीछे पश्चिम पूरा में एक बंद मकान के ऊपरी तल के बाथरूम में युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव पानी में पड़ा होने के कारण काफी खराब हो चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार राजातालाब क्षेत्र के चंदापुर निवासी सुनील उपाध्याय कपड़े की दुकान चलाते हैं। उनकी इकलौती बेटी श्रेया उपाध्याय जगतपुर इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले वह स्कूल से लौटते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश करने के साथ पुलिस को सूचना दी थी और शिकायत भी दी थी।

गुरुवार को बच्छाव क्षेत्र में बंद पड़े मकान से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाया तो ऊपरी मंजिल के बाथरूम में युवती का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। शव की पहचान श्रेया उपाध्याय के रूप में होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, कई थानों की फोर्स तैनात

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी नीतू कात्यान, एसीपी रोहनिया समेत रोहनिया, राजातालाब और चितईपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

उधर, बेटी का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने युवती के अपहरण के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती को मकान तक कौन लेकर पहुंचा, मकान किसके कब्जे में था और हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page