
वाराणसी (काशीवार्ता)- काशी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई है। दशाश्वमेध घाट स्थित प्रसिद्ध शीतला मंदिर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। मंदिर का सिर्फ ऊपरी शिखर ही पानी से बाहर दिख रहा है। मंदिर में पानी घुसने से पहले ही पुजारियों ने माँ शीतला का मुखौटा और पूजा सामग्री निकाल कर अहिल्याबाई स्टेट स्थित अहिलेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित कर दिया है। अब वहीं नित्य राग भोग और दर्शन-पूजन हो रहा है। उधर दशाश्वमेध घाट पर स्थित जल पुलिस चौकी भी पानी में डूब गई। है। जलस्तर चौकी के ऊपर तक पहुंच चुका है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा 3 से 4 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है और जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच रहा है।
