
बोले- ‘समाज किस दिशा में जा रहा है, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
वाराणसी – फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में हुई मनीष सिंह की बर्बर हत्या के बाद सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह मृतक मनीष के पैतृक आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। चश्मदीदों से घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद पूर्व सांसद ने दुख जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद विचलित करने वाली है। उन्होंने कहा कि जिस युवक ने इंसानियत दिखाते हुए घायल का हाल जानना चाहा, उसकी मामूली विवाद में सुनियोजित तरीके से हत्या कर देना मानवीय संवेदनाओं के खत्म होने का प्रमाण है।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने इस बात पर भी क्षोभ प्रकट किया कि जिन लोगों को मनीष ने गांव में रोजगार और सहयोग दिया था, उन्हीं पर इस वारदात में शामिल होने के आरोप हैं। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस क्रूर कृत्य के लिए जिम्मेदार सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके।
