
वाराणसी के हुकुलगंज तिराहे के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल से करीब 8 फीट ऊंची बाउंड्री तेज हवा और बारिश के चलते अचानक भरभराकर गिर गई। यह बाउंड्री पास में स्थित बाबू खान की मोटर पम्प सर्विस वर्कशॉप पर आ गिरी, जहां उस समय कई लोग काम कर रहे थे।
गनीमत रही कि वर्कशॉप मालिक बाबू खान हादसे से कुछ क्षण पहले ही सामान लेने बाहर निकल गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। इस घटना में कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें 68 वर्षीय सूफी खान की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायल—सूरज मौर्य, दिनेश पटेल, अमन और करन—का इलाज पंडित दीनदयाल अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, संबंधित भवन को वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा पहले ही सीज किया जा चुका था। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
