
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी इलाके से लापता युवक निखिल राय उर्फ निशु का शव बुधवार को रविदास घाट पर मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। निखिल सोमवार सुबह करीब 10:21 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। घर से निकलने से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट डाला था, जिसमें उसने डॉक्टर और दवाइयों से परेशान होने की बात कही थी और “गंगा मां” का जिक्र किया था। इस पोस्ट के बाद ही परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी थी।
परिजनों के अनुसार, निखिल अपनी स्प्लेंडर बाइक (UP65FV2316) से घर से निकला था। सूचना मिलते ही परिवार ने पुलिस को अवगत कराया और लगातार उसकी तलाश जारी रही। दो दिन बाद उसका शव रविदास घाट के पास मिलने की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि निखिल के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारी उसकी मां पर थी। बेटे की मौत की खबर से मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि निखिल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
