वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध अघोर पंथ के पवित्र तीर्थस्थल, रविन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित बाबा कीनाराम स्थल (क्री-कुण्ड परिसर) में पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस के अवसर पर 1 मई, शुक्रवार को 55 जरूरतमंद नव युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन “अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान” के सौजन्य से किया जा रहा है, जो चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में जरूरतमंदों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संस्था के प्रमुख व्यवस्थापक श्री अरुण सिंह और महिला मंडल की संयोजिका रूबी सिंह ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि सभी विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होंगे।
कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हल्दी की रस्म निभाई जाएगी, जबकि रात्रि 8 बजे से मध्य रात्रि तक विवाह समारोह सम्पन्न होगा। इसके बाद प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर अघोर पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी नवविवाहित जोड़ों और उपस्थित भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
