विश्व आदिवासी दिवस पर बरेका में उमड़ा उत्साह, शोभायात्रा में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक

वाराणसी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना में आदिवासी परिवार, बरेका के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का स्वरूप देखने को मिला।सायं 4 बजे बरेका सेंट जॉन स्कूल, गेट संख्या-2 से शुरू हुई शोभायात्रा कुंदन तिराहा और सूर्य सरोवर मार्ग से होते हुए इंटर कॉलेज चौराहे पहुंची। यहां भगवान गौतम बुद्ध, जननायक बिरसा मुंडा और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद शोभायात्रा पश्चिमी संस्थान, जलालीपट्टी पहुंचकर संपन्न हुई।शोभायात्रा में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे पारंपरिक आदिवासी परिधानों में शामिल हुए। रंग-बिरंगी वेशभूषा, पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लास से भर दिया। मार्ग में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।पश्चिमी संस्थान में आयोजित समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। वक्ताओं ने आदिवासी परंपराओं, प्रकृति से जुड़ाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रमोद लकड़ा, अमर सिंह, कालू मांझी, सुदर्शन उरांव, दिलीप तिर्की, सुचित कुजूर, अजय कुमार तिर्की, संजीवन तिर्की, अजय तिग्गा, सपना टोप्पो, तारा मैरी मिंज, प्रेमा लिली टोप्पो, अनुपमा, बंदना बारला सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page