
रोहनिया। काशी विश्वनाथ को जल चढ़ाने के लिए प्रयागराज से वाराणसी की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। सोमवार को मोहनसराय हाईवे पर कांवड़ियों के जत्थों से पूरा मार्ग केसरिया रंग में रंगा नजर आया। डीजे की धुन पर नाचते-गाते कांवड़िए ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे।
मोहनसराय चौराहे पर ह्यूमन राइट प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन (एचआरपीओ), वाराणसी कार्यकारिणी की ओर से कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर लगाया गया। जिला अध्यक्ष संजय यादव की देखरेख में आयोजित शिविर में कांवड़ियों का स्वागत कर उन्हें फल, बिस्किट, पानी और चाय वितरित की गई।
शिविर में कांवड़ियों के थके पैरों को गर्म पानी से धोकर उनके छालों और घावों पर मरहम-पट्टी की गई। एचआरपीओ जिलाध्यक्ष संजय यादव और रश्मि जन कल्याण समिति के डॉ. राजेश पटेल ने सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
उधर, रोहनिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए कांवड़ियों को मोहनसराय से चांदपुर जाने वाली जीटी रोड पर निर्धारित कांवड़िया लेन से वाराणसी की ओर रवाना कराया। छोटी गाड़ियों को दक्षिणी लेन से तथा बड़े वाहनों को हाईवे के रास्ते आसपास के क्षेत्रों की ओर भेजा गया।
शिविर में ग्राम प्रधान मनोज वर्मा, मुन्ना लाल यादव, विनोद कुमार पटेल, विनोद कुमार यादव, अमलेश मिश्रा, दिनेश मिश्रा उर्फ छुन्नन, जावेद, रामधनी यादव, मनोज मौर्य, शिव मूरत, रवि जितेंद्र पटेल, अभिषेक सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
