गंगा में दौड़ीं इलेक्ट्रिक नावें: नमो घाट से शुरू हुई नई पहल, पहले चरण में पांच बोटों का लोकार्पण

वाराणसी। गंगा में स्वच्छ और आधुनिक जल परिवहन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने बृहस्पतिवार को नमो घाट पर गेल (इंडिया) के सहयोग से इलेक्ट्रिक बोट कन्वर्जन पायलट परियोजना के तहत पांच इलेक्ट्रिक नावों का संचालन शुरू किया। पहले चरण में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने पांच इलेक्ट्रिक नावों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर पारंपरिक नावों को इलेक्ट्रिक नावों में परिवर्तित कराने वाले दीपक साहनी, राकेश साहनी, ज्योतिलाल निषाद, दीपक कुमार साहनी और शुभम साहनी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। नाविकों ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि इससे उनकी आय बढ़ेगी और गंगा की स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि परियोजना के पहले चरण में 20 नावों को इलेक्ट्रिक प्रणाली में परिवर्तित किया जा रहा है। पायलट परियोजना की सफलता के आधार पर भविष्य में इसका विस्तार बड़े स्तर पर किया जाएगा। लोकार्पण के बाद अतिथियों ने इलेक्ट्रिक नाव से नमो घाट से भदैनी घाट तक यात्रा कर इसकी सुविधाओं का अनुभव लिया। इस दौरान गेल (इंडिया) के महाप्रबंधक सुशील कुमार भी मौजूद रहे।

अस्सी से नमो घाट तक तीन राउंड ट्रिप करेगी हर नाव

आयरा इलेक्ट्रिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगन कुमार मेहता ने बताया कि प्रत्येक इलेक्ट्रिक नाव में 15 किलोवाट क्षमता की इलेक्ट्रिक आउटबोर्ड मोटर, 20 किलोवाट का लिथियम बैटरी पैक, ईवी चार्जर, डिजिटल डिस्प्ले, जीपीएस ट्रैकिंग और रिमोट मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकें लगाई गई हैं। प्रत्येक नाव सामान्य संचालन में अस्सी घाट से नमो घाट के बीच कम से कम तीन राउंड ट्रिप करने में सक्षम है। चयनित घाटों पर मानकों के अनुरूप चार्जिंग स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं।

TOP

You cannot copy content of this page