वाराणसी (काशीवार्ता): रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय से 8 जून को अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ लापता हुई महिला का मामला चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर महिला को बरेली के फरीदपुर क्षेत्र से बरामद किया, जहां वह अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने अपने प्रेमी से शादी कर ली है।
पुलिस महिला और उसके साथ रह रहे व्यक्ति को वाराणसी लेकर आई। महिला के पति, वाहन चालक पति ने पत्नी और बेटे के लापता होने पर गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पड़ोसियों पर पत्नी को पांच लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाया था। हालांकि, तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
रोहनिया थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन महिला के पहले पति ने उसे अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। चौकी प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि महिला पहले अपने पति के साथ रामनगर में रहती थी। पुलिस अब मामले में उपलब्ध तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
