मोहनसराय हाईवे पर मौत से जंग! कंटेनर ने राहगीर को 200 मीटर तक घसीटा, चालक ट्रक छोड़कर फरार

फुट ओवर ब्रिज की सुस्त रफ्तार पर फूटा लोगों का गुस्सा, हाईवे पर लगा लंबा जाम

वाराणसी (काशीवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय हाईवे चौराहे पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। प्रयागराज से कोलकाता की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। घायल व्यक्ति ट्रक के नीचे फंस गया और करीब 200 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। यह भयावह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। इसके बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कंटेनर ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

दुर्घटना के कारण प्रयागराज-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने ट्रक को हाईवे से हटवाकर काफी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। लोगों ने मोहनसराय चौराहे पर बन रहे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि पुल समय पर बन गया होता तो पैदल राहगीरों को जान जोखिम में डालकर हाईवे पार नहीं करना पड़ता। उनका आरोप है कि निर्माण में हो रही देरी के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है और प्रशासन की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page