
रेणुकूट/सोनभद्र। निवेश के नाम पर लोगों को अधिक मुनाफे का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये जुटाने और अवैध संपत्ति बनाने के आरोपी भागीरथी मौर्य के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रेणुकूट क्षेत्र में पहुंचकर अभियुक्त की चिन्हित चल एवं अचल संपत्तियों को विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्क कर लिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हलचल का माहौल रहा।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा अपराध संख्या 149/2025 में नामजद अभियुक्त भागीरथी मौर्य पुत्र रमापति मौर्य, मूल निवासी मुंहकोचवा, जनपद मिर्जापुर तथा वर्तमान निवासी राधा कृष्ण मंदिर के पीछे, मुर्धवा (रेणुकूट), पर सिटी म्युचुअल बेनिफिट प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर बड़ी मात्रा में निवेश कराने का आरोप है। आरोप है कि निवेशकों से जुटाई गई रकम से उसने अवैध रूप से चल एवं अचल संपत्तियां अर्जित कीं।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने अभियुक्त की संपत्तियों की कुर्की का आदेश जारी किया, जिसके अनुपालन में सोमवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्की की कार्रवाई संपन्न कराई।
इस दौरान तहसील दुद्धी के एसडीएम रवि कुमार पासवान, सीओ पिपरी हर्ष पांडेय, थाना प्रभारी अनपरा, पिपरी पुलिस की टीम, रेणुकूट चौकी प्रभारी तथा राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई और सभी औपचारिकताओं का पालन किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। अभियुक्त के आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों और अन्य चल एवं अचल संपत्तियों की भी गहन जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान सोनभद्र या अन्य जनपदों में उसकी अतिरिक्त संपत्तियों का पता चलता है तो न्यायालय के निर्देशानुसार उन पर भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निवेश के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले आर्थिक अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन की गाढ़ी कमाई की सुरक्षा और वित्तीय अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार की जाएगी।
