
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में ब्लिंकिट राइडर की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करते हुए पुलिस ने नगर निगम से संबद्ध वाहन और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की रात करीब 1 बजे पीआरबी-4626 से सूचना मिली कि मौलवीबाग रोड स्थित यथार्थ होटल के सामने एक सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला, जबकि उसकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हालत में थी।
घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 21 वर्षीय शाहिल पुत्र स्व. अब्दुल करीम, निवासी सरैय्या, जलालीपुरा, थाना जैतपुरा के रूप में हुई। शाहिल ब्लिंकिट में राइडर के रूप में कार्यरत था।
मृतक के बड़े पिता की तहरीर पर सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 317/2026 के तहत धारा 281 एवं 106(1) बीएनएस में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान नगर निगम के वाहन रूप में हुई, जो नगर आयुक्त के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए उसके चालक मनीष चौहान पुत्र अंबिका चौहान, निवासी माधोपुर, महमूरगंज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह पिछले आठ वर्षों से आउटसोर्सिंग के माध्यम से नगर निगम में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है।
पुलिस ने वाहन को सीज कर लिया है और चालक के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
