वाराणसी को बिजली विभाग की बड़ी सौगात: 5700 उपभोक्ताओं को मिलेगा निर्बाध विद्युत लाभ

वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) ने काशी के विद्युत ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पहाड़ी गेट, बी.एल.डब्ल्यू क्षेत्र में 33/11 केवी क्षमता के नए उपकेंद्र का सफल टेस्टिंग और कमीशनिंग कार्य पूरा कर लिया है। इस उपकेंद्र के शुरू होने से लगभग 5700 उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी।

नए उपकेंद्र के चालू होने से अमरा खैरा, रोहनिया और मंडुआडीह उपकेंद्रों पर पड़ने वाला लोड भी संतुलित होगा, जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और भरोसेमंद बनेगी। यह परियोजना क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी, खासकर गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए।

इसके अलावा, PuVVNL ने रिकॉर्ड समय में वाराणसी के 9 प्रमुख 33/11 केवी उपकेंद्रों—पन्ना लाल पार्क, दौलतपुर, गोइठहाँ, रामनगर, भट्टी, काशीपुर, दीनदासपुर, गंजारी और सिंधोरा—की क्षमता वृद्धि का कार्य भी पूरा कर लिया है। इससे न केवल वर्तमान मांग को संतुलित करने में मदद मिलेगी, बल्कि भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है।

वितरण नेटवर्क को और मजबूत करते हुए अब तक 735 वितरण परिवर्तकों की स्थापना और क्षमता वृद्धि का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसमें 250 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं और पुराने उपकरणों को अपग्रेड किया गया है। साथ ही, 300 नए परिवर्तकों की स्थापना का कार्य तेजी से जारी है, जिन्हें जल्द ही चालू किया जाएगा।

बिजली विभाग के इन प्रयासों से वाराणसी में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है। PuVVNL का लक्ष्य हर उपभोक्ता तक सुरक्षित, सुगम और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली पहुंचाना है, जिसके लिए लगातार काम जारी है।

TOP

You cannot copy content of this page