कंदवा में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 15 करोड़ की सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त

वाराणसी में नगर निगम ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए कंदवा क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को कब्जामुक्त कराया। हाईवे से सटी आराजी नंबर 918 घ की करीब आठ बिस्वा बेशकीमती जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कच्ची दीवार और टीनशेड बनाकर अवैध कब्जा किया गया था तथा वहां भूसा रखा जा रहा था।

यह मामला लंबे समय से चकबंदी न्यायालय में विचाराधीन था। सुनवाई के बाद न्यायालय ने उक्त भूमि को बंजर और शासकीय संपत्ति घोषित कर दिया। शहरी सीमा में स्थित होने के कारण जमीन का स्वामित्व नगर निगम को सौंप दिया गया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त संगम लाल और सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर जमीन को निगम के कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मचा रहा। नगर निगम ने साफ किया कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

TOP

You cannot copy content of this page