
सोनभद्र। जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोपन क्षेत्र की एक किराना दुकान से खुली हल्दी का नमूना संग्रहित किया और शेष स्टॉक को सीज कर दिया। अब हल्दी के नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के आदेश के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने 28 जुलाई 2026 को घूरमा मोड़, मारकुण्डी, चोपन स्थित मे. सम्राट किराना एण्ड जनरल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में एक खुले बोरे में लगभग 8 किलो 500 ग्राम हल्दी पाउडर मानव उपभोग के लिए बिक्री हेतु रखा मिला।
खुली अवस्था में हल्दी पाउडर की बिक्री और उसमें मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नियमानुसार हल्दी का विधिक नमूना लेकर उसे जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया। साथ ही मौके पर मौजूद 7 किलो 300 ग्राम हल्दी पाउडर को सीज कर दिया गया। सीज किए गए माल की अनुमानित कीमत 1,241 रुपये बताई गई है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।
