
महाश्मशान पर भी नहीं छूटा अहंकार
वाराणसी-(काशीवार्ता)- काशी के मणिकर्णिका महाश्मशान पर जहाँ हर अहंकार राख हो जाता है। वहीं से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। चिता की लकड़ी के विवाद को लेकर हुई मारपीट में चोलापुर निवासी अभिषेक सिंह को लहूलुहान कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस घटना ने इंसानियत पर सवाल खड़ा कर दिया है। जानकारी के अनुसार यह विवाद महाश्मशान पर शवदाह के लिए लाई गई लकड़ी को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि लकड़ी हटाने और पैसे के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान अभिषेक सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।घायल अभिषेक सिंह को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी चौक विजय नाथ शुक्ला जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश जारी है। थाना प्रभारी ने कहा कि मणिकर्णिका घाट जैसे संवेदनशील और धार्मिक स्थल पर किसी भी प्रकार की मारपीट और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घाट की मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने यह भी अपील की है कि मणिकर्णिका घाट को लेकर सोशल मीडिया पर कई पुराने और फर्जी वीडियो को वाराणसी के नाम पर वायरल किया जा रहा है, लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।
