Varanasi: कैंट स्टेशन पर 16 लाख नकद बरामद, संदिग्ध से आयकर विभाग कर रहा पूछताछ

धर्मनगरी वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से एक बड़ा मामला सामने आया है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से करीब 16 लाख रुपये नकद बरामद किए। इतनी बड़ी रकम मिलने से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और तुरंत उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

मंगलवार को प्लेटफॉर्म नंबर 8 और 9 पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। उसकी गतिविधियां असामान्य लगने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। जांच में उसके ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से कुल 16 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में उसकी पहचान रवि गुलाटी, पुत्र ज्ञानचंद गुलाटी, निवासी तिलहर (जनपद शाहजहांपुर) के रूप में हुई। उसने बताया कि वह बनारस से बेगमपुरा एक्सप्रेस के जरिए शाहजहांपुर जाने वाला था। आरोपी के अनुसार वह शाहजहांपुर में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता है और वाराणसी कटे-फटे नोट बदलवाने आया था।

हालांकि जब उससे इतनी बड़ी रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद अधिकारियों का शक और बढ़ गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसने पहले खुद को पहली बार वाराणसी आने वाला बताया था, लेकिन तकनीकी जांच में उसकी लोकेशन हिस्ट्री से पता चला कि वह पहले भी कई बार शहर आ चुका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने पूरी जानकारी आयकर विभाग को सौंप दी है। फिलहाल आयकर विभाग की टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद नकदी का वास्तविक स्रोत क्या है और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

TOP

You cannot copy content of this page