
वाराणसी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए 21 अप्रैल को शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात पुलिस ने आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध रहेगा और उन्हें वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
जारी ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार बीएलडब्ल्यू परिसर के आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। बरेका सिनेमा तिराहे, कुंदन तिराहे, सेंट्रल मार्केट, डी-5 रेलवे क्रॉसिंग और सूर्य सरोवर क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इन स्थानों की ओर जाने वाले वाहनों को पुलिस चौकी, एफसीआई गेट और अन्य वैकल्पिक मार्गों से मोड़ा जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार अमर उजाला तिराहे से टेम्पो ट्रैवलर, आर्मेनिया और क्रूजर जैसे वाहनों को शाम चार बजे के बाद लहुराबीर और मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को पहले ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसके अलावा विशेश्वरगंज तिराहे, चांदपुर चौराहे, अखरी अंडरपास, मुढैला तिराहे, मंडुवाडीह तिराहे, बौलिया तिराहे, महमूरगंज, लहरतारा और भिखारीपुर जैसे क्षेत्रों में भी शाम चार बजे से यातायात नियंत्रण लागू रहेगा।
रोडवेज बसों, सवारी वाहनों और टूरिस्ट बसों को लहरतारा, मंडुवाडीह, ककरमत्ता और बीएलडब्ल्यू गेट की ओर जाने से रोका जाएगा। इन्हें मोहनसराय, डाफी, चांदपुर समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
वीवीआईपी काफिले के दौरान महमूरगंज आरओबी से किसी भी वाहन को मंडुवाडीह चौराहे की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं बौलिया तिराहे से भी वाहनों को लहरतारा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें फुलवरिया आरओबी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
