सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लोक निर्माण मंत्री से लगाई गुहार

गाजीपुर के करेला गांव को सहेड़ी माइनर से जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर सड़क जर्जर, छात्रों और ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी

वाराणसी (काशीवार्ता )। देवकली ब्लॉक के ग्राम सभा करेला के ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री कुंवर बृजेश सिंह को प्रार्थना पत्र देकर सहेड़ी माइनर से करेला गांव तक संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि सहेड़ी माइनर से करेला गांव को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग अत्यंत खराब स्थिति में है। इसी मार्ग पर एक इंटर कॉलेज भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए आते-जाते हैं। सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से विद्यार्थियों सहित स्थानीय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने मंत्री से मांग की है कि ग्राम सभा करेला तथा छात्रों की समस्या को देखते हुए सहेड़ी माइनर से करेला गांव तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क का पिच (डामरीकरण) निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
प्रार्थना पत्र पर मुख्य रूप से विवेकानंद सिंह ‘विवेक’, श्रवण गौड़ सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने विश्वास जताया है कि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान किया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page