
हरहुआ। शासन के निर्देश पर सेवापुरी विकासखंड के आदर्श ग्राम पंचायत जगापट्टी स्थित ग्राम सचिवालय परिसर में जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराने का आश्वासन दिया तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
जनचौपाल में ग्रामीणों ने शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। साथ ही गांव में एएनएम स्वास्थ्य केंद्र और बारातघर निर्माण की मांग भी प्रमुख रूप से सामने आई।
खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित शिकायतों का समाधान किया। सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) ने स्वयं सहायता समूहों तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभों की जानकारी देते हुए महिलाओं को जागरूक किया। शिक्षक नीरज कुमार ने निपुण भारत मिशन के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
जनचौपाल में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि और विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
