बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बाहर सुरक्षाकर्मी की बंदूक से चली गोली, युवक घायल

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के बड़ालालपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बाहर गुरुवार दोपहर सुरक्षाकर्मी की बंदूक से अचानक गोली चल जाने से एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र के अटेसुवा गांव निवासी अवधेश राजभर पुत्र सोहन राजभर दोपहर करीब एक बजे बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। उसी समय शाखा में तैनात सुरक्षाकर्मी रामचंद्र यादव अपनी दोनाली बंदूक को कंधे पर व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान बंदूक से अचानक फायर हो गया।
गोली जमीन और एटीएम के समीप दीवार से टकराई, जिसके छर्रे बाहर खड़े अवधेश राजभर की बाईं कलाई में जा लगे। गोली चलने की आवाज सुनते ही बैंक परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घायल अवधेश राजभर चांदमारी पुलिस चौकी पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजकर प्राथमिक उपचार कराया। उपचार के बाद अवधेश ने शिवपुर थाने में लिखित तहरीर देकर सुरक्षाकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page