मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, पीतल का घंटा बरामद

चौकाघाट फ्लाईओवर के पास से दबोचा गया अभियुक्त

वाराणसी। काशी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चेतगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंदिर से पूजा के बर्तन और पीतल का घंटा चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया पीतल का घंटा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय डोम उर्फ तेजसिंह निवासी मलदहिया के रूप में हुई है।

बताया गया कि 8 मई को मंदिर से पूजा के बर्तन और पीतल का घंटा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

TOP

You cannot copy content of this page